बिरसा मुंडा जयंती व झारखंड की स्थापना दिवस पर एसएसबी फाउंडेशन में बच्चों ने दिखाया जलवा

बिरसा मुंडा जयंती व झारखंड की स्थापना दिवस पर एसएसबी फाउंडेशन में बच्चों ने दिखाया जलवा
इस खबर को शेयर करें...

 

Bokaro:

15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस व भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर राधानगर पंचायत के दुलालपुर स्थित एसएसबी पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 14 नवंबर को चिल्ड्रेन डे के अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने बच्चों को मेडल, प्रमाणपत्र और प्रोत्साहन उपहार प्रदान किए। बच्चों की कल्पनाशीलता, रंगों की समझ और कला के प्रति लगन की सभी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।
विद्यालय के अन्य प्रतिभाशाली छात्रों को भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामचंद्र टुडू ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि एसएसबी फाउंडेशन और एसएसबी पब्लिक स्कूल ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। बच्चों की प्रतिभा और मेहनत को देखकर गर्व होता है। संस्था द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं और हम भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने को तत्पर हैं।

वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. दीपिका सिंह ने बच्चों को सही दिशा में आगे बढ़ने और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें बताईं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही किसी भी विद्यार्थी के लिए सफलता का आधार है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और जागरूकता की आवश्यकता पर भी बल दिया।

समारोह का संचालन फाउंडेशन के संस्थापक अर्जुन महतो ने किया। बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान, झारखंड आंदोलन की पृष्ठभूमि और राज्य निर्माण के जानकारी देते हुए कहा कि आज के समय में केवल सामान्य पढ़ाई ही पर्याप्त नहीं। नई पीढ़ी को कौशल आधारित शिक्षा, तकनीकी दक्षता और रचनात्मक सोच की भी आवश्यकता है, ताकि बच्चे जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ सके। एसएसबी फाउंडेशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को इसी दिशा में प्रेरित करना है।

समारोह में मुख्य रूप से फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं धनबाद सांसद प्रतिनिधि विक्रम महतो, फाउंडेशन की सचिव आरती देवी, राधानगर मुखिया स्वरूप दास, बोकारो जिला विशेष शाखा के प्रभारी डीएसपी रामजी महतो, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष बिनोद प्रजापति, जनता दल (यू) के जिला अध्यक्ष प्रदीप महतो, जनवादी मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष त्यागी वर्णवाल स्कूल की शिक्षिकाएं लवली कुमारी, नीतू देवी, पायल कुमारी, निशा कुमारी, आयुषी सरकार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

बच्चों ने बांधा समां – सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, कविताएँ और नाटक प्रस्तुत किया। बच्चों ने बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित कर खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन के सदस्यों ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और आगे भी समाज, शिक्षा, कला एवं संस्कृति के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

Loading

Prabhat Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *