गोमिया में करोड़ों की ठगी कर डोलो ट्रेड कंपनी फरार
Bokaro: प्रतिनिधि
गोमिया में संचालित डोलो ट्रेड नामक कंपनी द्वारा लोगों को अधिक ब्याज देने का लालच देकर करोड़ों रुपए ठगी कर फरार हो गई। यह सनसनीखेज मामला तब उजागर हुआ, जब निवेशकों ने थाने में कंप्लेन दर्ज कराई। कंपनी गोमिया बैंक मोड़ स्थित डोली पैलेस में डोलो ट्रेड कंपनी के नाम से संचालित थी। मिली जानकारी अनुसार कंपनी में 750 लोगों ने पैसा इन्वेस्ट किया था। मोटी रकम मिलने के बाद कंपनी अचानक अपना कार्यकाल बंद कर फरार हो गई। इसको लेकर स्थानीय पीड़ित निवेशकों ने आईईएल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
इस ठगी की घटना को लेकर स्वांग निवासी नीरज कुमार साहू ने बताया कि वर्ष 2022 में करमाली टोला निवासी राहुल करमाली, नरेश करमाली व पत्नी पिंकी देवी, जारंगडीह निवासी बसंत करमाली, सारस करमाली तथा स्वांग हजारी बस्ती निवासी सूर्यदेव प्रजापति ने ढ़ाई लाख रुपए तक का निवेश किया। कंपनी सभी निवेशकों को हर माह 3 फीसदी ब्याज देने का प्रलोभन देकर लोगों से निवेश कराया। शुरुआती कुछ माह तक ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में बहाने लगाकर भुगतान बंद कर दिया।
कथारा निवासी नवीन कुमार ने कंपनी में साढ़े चार लाख रूपए और उनके रिश्तेदारों करीब 15 लाख रुपए निवेश किया था। कहा कि कुछ माह तक ब्याज मिला। फिर “पोर्टफोलियो जीरो” होने का बहाना बनाकर भुगतान बंद कर दिया। इधर गोमिया निवासी सौरभ कुमार भी ठगी के शिकार हुए। कहा कि कुछ समय तक ब्याज का भुगतान किया। फिर कार्यालय बंद कर फरार हो गए।
आईईएल थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो ने मामला को गंभीर बताया। कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने आम लोगों से फर्जी निवेश योजनाओं से सतर्क रहने की अपील की। पैसा लगाने से पहले कंपनी की वैधता अवश्य जांच लेने की सलाह दी।
![]()

