पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को हाईवा ने मारी टक्कर

Bokaro:
बोकारो में बुधवार की अहले सुबह पुलिस पेट्रोलिंग वाहन का एक्सिडेंट हो गया। घटना चास थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 32 पर गुरुद्वारा रोड पर घटना घटित हुई। जहां पीछे से आ रही हाइवा गाड़ी (जेएच 10 बी क्यू 7832) ने पेट्रोलिंग वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी सड़क पर ही पलट गई। पेट्रोलिंग वाहन में सवार तीनों पुलिस कर्मी को चोट आई। अच्छी बात यह है कि इनमें से किसी को गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है। लेकिन पेट्रोलिंग वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हाईवा को जब्त कर पुलिस थाने ले गई।
घटना के संबंध में चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी ने बताया कि कोयला लदा हाईवा ओवरटेक करने के क्रम में पेट्रोलिंग वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। पेट्रोलिंग वाहन पलटने से पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है। चालक भी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पेट्रोलिंग वाहन डैमेज हो गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
![]()


