बांसगोड़ा में NH 23 पर दर्दनाक हादसा: झरिया निवासी मंटू विश्वकर्मा की ट्रक की चपेट में आकर मौत
मुआवजे को लेकर आक्रोशित लोगों ने एनएच 23 सड़क को किया जाम
Bokaro:
बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसगोड़ा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 23 पर शुक्रवार शाम करीब 4 बजे एक दिल दहलाने वाली सड़क दुघर्टना हुई। इस हादसे में झरिया निवासी मंटू विश्वकर्मा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं मंटू के साथ सवार युवक ने कूद कर अपनी जान बचाई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए एनएच को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। फोरलेन सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक और सीमेंट फैक्ट्री का सामग्री ढोने वाली ट्रक एक ही सड़क पर चल रही थी। तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार मंटू, बाइक समेत ट्रक के नीचे आ गया। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए।
मृतक के पिता योगेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि वे अपनी बेटी के लिए लड़का देखने झरिया से बांसगोड़ा की ओर जा रहे थे। दो बाइक पर चार लोग सवार थे। मंटू दूसरी बाइक पर आगे चल रहा था और उसके पीछे ट्रक था। बांसगोड़ा के पास अचानक ट्रक ने मंटू की बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार दूसरे युवक ने बाइक से दूसरी ओर छलांग लगाया, जिससे वह बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही माराफारी थाना प्रभारी आजाद खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ट्रक मालिक को घटनास्थल पर बुलाया गया है। पीड़ित परिवार से मुआवजे को लेकर बातचीत की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द सड़क जाम हटाया जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया की तैयारी की जा रही है।
![]()


