पुष्पा हत्याकांड को लेकर कैंडल मार्च विधायक जयराम महतो के इंट्री पर विरोध और हंगामा
विरोध का वीडियो बनाता देख विधायक ने मोबाइल छीनकर पटका
Bokaro:
बोकारो के बहुचर्चित पुष्पा हत्याकांड का उद्भेदन के बाद रविवार शाम क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने कैंडल मार्च निकाला था। शांतिपूर्ण मार्च का माहौल तब विवाद में बदल गया, जब डुमरी विधायक जयराम महतो कैंडल मार्च में पहुंचे।
कैंडल मार्च में विधायक जयराम महतो के पहुंचते ही एक महिला ने खुलेआम उनका विरोध करना शुरू कर दिया। गंभीर आरोप भी लगाए। महिला ने कहा कि पुष्पा के लापता होने का मामला सबसे पहले विधायक तक पहुंचा था, तब उन्होंने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लेकिन जब मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा। पुलिस पर अदालत का दबाव बना, कांड का उद्भेदन हो गया। गिरफ्तारी हो गई, तब वे राजनीति करने आए हैं।
महिला ने इससे आगे कहते हुए यह भी आरोप लगाया कि केस को मैनेज करने के नाम पर मृतका की मां रेखा देवी से जेएलकेएम की महिला नेत्री ने दस हजार रुपये लिए थे। महिला नेत्री को पार्टी का जिलाध्यक्ष बताया। रेखा देवी ने कर्ज लेकर वो रकम दी थी। इस पर विधायक ने सबूत मांगा, जिस पर महिला ने मृतका की मां से पुष्टि कराने की बात कही।
इस बीच इस विरोध का वीडियो बना रहे एक युवक का मोबाइल विधायक जयराम महतो ने छीनकर पटक दिया। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। यह घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। घटना के बाद विधायक के समर्थकों ने विधायक को वहां से बाहर निकाला। वहीं, विधायक द्वारा मोबाइल छीनकर पटकने पर लोगों ने नाराजगी जताई। इसकी आलोचना हो रही है।
![]()

