हवाई अड्डा के समीप अवैध बस्ती हटाने गई टीम पर पथराव, दो जवान घायल
Bokaro :
बोकारो के सेक्टर 12-A स्थित काली मंदिर के पास शनिवार को अचानक अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। बोकारो हवाई अड्डा से सटे अवैध अतिक्रमण को हटाने पहुंची BSL की सिक्योरिटी टीम पर अवैध बस्ती वालों ने हमला कर दिया। पत्थरबाजी की। इस घटना में होमगार्ड के दो जवान अकरम अंसारी और बबलू घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए आनन-फानन में बीजीएच अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल दोनों इलाजरत है। इसके अलावा कुछ अन्य जवानों को मामूली चोटें आई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अवैध कब्जा हटाने पहुंची टीम के साथ पहले बहसबाजी आरंभ हुई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण होने लगा। इस दौरान लोगों ने अचानक पत्थराव शुरू कर दिया। इस पत्थराव से बचने के लिए सब इधर उधर भागने लगे। वहीं, कुछ जवानों ने हिम्मत दिखाते हुए घायल जवानों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
पत्थराव की इस घटना के बाद बीएसएल सिक्योरिटी इंचार्ज आलोक चावला व नगर प्रशासन के अधिकारियों ने बैठक की। बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। वहीं घटना के संबंध में पुलिस विभाग को भी सूचना दी गई। साथ ही कानून के तहत पत्थरबाजों पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
![]()


