खोए व चोरी हुए 47 मोबाइल बरामद, पुलिस ने मालिकों को किया सुपुर्द
Bokaro:
जिले में मोबाइल खोने और चोरी होने की बढ़ती शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर कुल 47 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस को लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर सभी थाना प्रभारियों को CEIR पोर्टल के माध्यम से त्वरित कार्रवाई कर मोबाइल बरामद करने का निर्देश दिया गया था। इसी क्रम में बीएस सिटी, हरला, सेक्टर-4, सेक्टर-12 और सेक्टर-6 थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए यह सफलता प्राप्त की।
बरामद मोबाइल में बीएस सिटी थाना क्षेत्र से 33, हरला थाना से 8, सेक्टर-4 थाना से 2, सेक्टर-12 थाना से 3 और सेक्टर-6 थाना से 1 मोबाइल शामिल हैं। सभी मोबाइल के वास्तविक धारकों को सूचना देकर बीएस सिटी थाना में सत्यापन के बाद उन्हें उनके मोबाइल लौटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज करें। इससे मोबाइल के दुरुपयोग को रोका जा सकता है और उसे जल्द बरामद करने में मदद मिलती है।
![]()

