रेलवे ट्रैक पर तीन युवकों के शव को लेकर हत्या की आशंका
Bokaro:
बालीडीह थाना क्षेत्र स्थित राधानगर पंचायत अंतर्गत लावाटांड़ में गुरुवार तड़के रेलवे ट्रैक पर तीन युवकों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह स्थान बोकारो रेलवे स्टेशन से करीब 8–9 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान बबलू सोरेन (19 वर्ष), दीपक सोरेन (20 वर्ष) और बाबूराम मुर्मू (करीब 19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों गोमिया प्रखंड क्षेत्र के रहने वाले थे और दिहाड़ी मजदूरी कर जीवन यापन करते थे।
पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी सुबह लगभग 3:30 बजे मिली, जबकि आशंका जताई जा रही है कि हादसा देर रात 1:30 से 2 बजे के बीच हुआ होगा। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटनास्थल के पास से एक काले रंग की मोटरसाइकिल (नंबर JH 09AY 2139), कुछ शराब की बोतलें और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। प्रारंभिक तौर पर मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का लग रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
इधर, परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि मृतक बबलू सोरेन का एक युवती से प्रेम संबंध था और वह अक्सर फोन पर बात करता था। परिजनों के अनुसार, तीनों युवक बुधवार शाम साथ में बैठे थे, तभी एक कॉल आने के बाद वे कहीं जाने की बात कहकर निकले थे। रात करीब 10 बजे तक परिवार का उनसे संपर्क हुआ, इसके बाद फोन बंद हो गया।

