हैसाबातू जलापूर्ति योजना की समस्याओं को लेकर मुखर हुए मुखिया 

हैसाबातू जलापूर्ति योजना की समस्याओं को लेकर मुखर हुए मुखिया 
इस खबर को शेयर करें...
Bokaro:
बालीडीह गरगा डैम परिसर स्थित हैसाबातू बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना के सुचारू संचालन और रखरखाव को लेकर माराफारी पंचायत की मुखिया बासुकी देवी की अध्यक्षता में 10 पंचायतों के जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई. इस बैठक में गोडाबाली उत्तर व दक्षिण, माराफारी, नरकरा, हैसाबातू पूर्वी एवं पश्चिमी, बांसगोडा पूर्वी एवं पश्चिमी, ऋतुडीह और सतनपुर पंचायत के मुखिया शामिल हुए.
बैठक में योजना से जुड़ी कई अहम समस्याओं पर चर्चा की गई. विशेष रूप से पिछड़े पांच वर्ष से कार्यरत कर्मियों को दो माह से  वेतन नहीं मिलने, कई क्षेत्रों में पाइपलाइन के जाम होने, उनकी सफाई एवं मरम्मत तथा नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई.
मुखियाओं ने कहा कि जिन कर्मचारियों के भरोसे 10 से अधिक पंचायतों में पेयजल आपूर्ति हो रही है, उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलना बेहद गंभीर मामला है. जल्द भुगतान नहीं हुआ तो योजना के संचालन पर असर पड़ेगा.  इस संबंध में सभी मुखिया एक प्रतिनिधिमंडल बनाकर उपायुक्त से मुलाकात करेंगे और कर्मियों को उनका बकाया दिलाने की मांग करेंगे.
संचालन व्यवस्था में समिति को सौंपें प्रशासन-
बैठक में यह भी कहा गया कि बीते चार-पांच वर्षों से एक ठेकेदार के माध्यम से योजना संचालित की जा रही थी, जिसका टेंडर अब समाप्त हो चुका है. ऐसे में सरकार से जल्द नया टेंडर जारी करने या पुराने ठेकेदार को विस्तार देने की मांग की गई. साथ ही यह सुझाव भी दिया गया कि यदि दोनों विकल्प संभव नहीं हैं, तो योजना के संचालन और वित्तीय अधिकार पंचायत स्तरीय कमेटी को सौंप दिए जाएं, ताकि स्थानीय स्तर पर बेहतर ढंग से जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके.
इस मौके पर गोडाबाली उत्तरी के मुखिया बालेश्वर सिंह राठौर, बांसगोडा पूर्वी की मुखिया सावित्री मुर्मू, नरकरा की मुखिया बबीता कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और जल सहिया उपस्थित रहे.

Prabhat Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *