चास नगर निगम का अतिक्रमण अभियान, दुकानदारों में नाराजगी
Bokaro:
चास नगर निगम द्वारा आज अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। बताया जा रहा है कि बीते दिन हुई भारी बारिश के कारण चास के विभिन्न इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा था, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे।
इसी को ध्यान में रखते हुए निगम ने चेक पोस्ट स्थित दुर्गा मंदिर के समीप अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान वहां स्थित होटलों और दुकानों को हटाया गया।
इस संबंध में अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण नालियों का पानी बाधित हो रहा था और सड़कों पर फैल रहा था। अतिक्रमण हटाने के बाद नालियों की साफ-सफाई की जाएगी, जिससे जलजमाव की समस्या दूर होगी और मानसून के दौरान ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि यहां केवल अस्थायी रूप से दुकानें लगाई जा सकती हैं, जिन्हें दिन में लगाकर शाम तक हटा लेना होगा, लेकिन स्थायी दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वहीं, कार्रवाई से नाराज दुकानदारों ने निगम पर मनमानी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वे गरीब तबके से आते हैं और उनकी रोजी-रोटी इसी दुकान पर निर्भर है। बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक कार्रवाई कर दी गई, जिससे उनकी आजीविका पर गहरा असर पड़ा है। दुकानदारों ने इसे गलत बताते हुए कहा कि इस कदम से उन्हें भारी नुकसान हुआ है।

