बोकारो के सेक्टर 2 जैन मंदिर के समीप गले से सोने की चेन झपटकर भागा बाइक सवार
Bokaro :
सिटी थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। सेक्टर-2सी, स्ट्रीट संख्या-9 स्थित क्वार्टर नंबर 1-011 निवासी शैलेन्द्र यादव उर्फ मुन्ना यादव के गले से दो बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
घटना रविवार अपराह्न करीब तीन बजे की है। बताया जाता है कि शैलेन्द्र यादव सड़क पर पैदल जा रहे थे, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो अपराधियों ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन ली और मौके से भाग निकले।
पीड़ित के अनुसार, बदमाश एक ग्लैमर बाइक पर सवार थे। इनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरा टोपी लगाए हुए था, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और शहर में नाकेबंदी कर दी गई है। सिटी थाना पुलिस का कहना है कि संदिग्ध बाइक की पहचान कर ली गई है और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

