चंदनकियारी बिजली सबस्टेशन डकैती कांड में रामगढ़ पतरातू से तीन आरोपी गिरफ्तार
बोलेरो, पिक अप वाहन समेत बड़ी मात्रा में स्क्रैप तार व अन्य सामग्री बरामद
Bokaro:
जिले के चंदनकियारी विद्युत सबस्टेशन में बीते तीन अगस्त की देर रात हुई लूट कांड का बोकारो पुलिस ने एक सप्ताह के अंदर उद्वेदन करने में सफलता हासिल की. इस मामले में मुहम्मद शहजाद, अलाउद्दीन अंसारी उर्फ लादेन और प्रकाश प्रजापति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक पिकअप वाहन, एक बोलेरो, करीब 1200 मीटर स्क्रैप तार समेत अन्य सामान बरामद किया.
चंदनकियारी थाना में सीसीआर डीएसपी रामप्रवेश कुमार और थाना प्रभारी अमित कुमार राय ने प्रेस को मामले की जानकारी देते हुए कहा कि तीन अगस्त की देर रात 10-12 की संख्या में नकाबपोश अपराधी चंदनकियारी विद्युत सबस्टेशन में घुसे थें. ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी अशोक हेम्ब्रम की कनपटी पर रिवॉल्वर जैसी वस्तु सटाकर उसे बंधक बना कर सबस्टेशन से कई विद्युत उपकरण व तार लूट कांड को अंजाम दिया गया था.
पुलिस के अनुसार अपराधी कंट्रोल केबल, रैबिट कंडक्टर, स्क्रैप तार, वूल्फ कंडक्टर, 500 केवीए का नया ट्रांसफॉर्मर कॉइल और करीब 100 लीटर ट्रांसफॉर्मर ऑयल सहित अन्य सामान ले गए थे. लूटे गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 31.39 लाख रुपये बताई गई है.
रामगढ़ के पतरातू से तीन गिरफ्तार –
घटना को लेकर सहायक विद्युत अभियंता नरेंद्र मिंज के लिखित आवेदन पर चंदनकियारी थाना में मामला दर्ज किया गया किया गया था. पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर चास एएसपी वेदांत शंकर के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र के जयनगर मुस्लिम टोला से मुहम्मद शहजाद, अलाउद्दीन अंसारी उर्फ लादेन और प्रकाश प्रजापति को गिरफ्तार किया.
बरामद सामग्रियां-
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बोलेरो वाहन संख्या JH01CC-5643, पिकअप वाहन संख्या JH02BS-1673, करीब 1200 मीटर स्क्रैप तार, सैमसंग का कीपैड मोबाइल, नोकिया का मोबाइल, आईक्यूओओ कंपनी का मोबाइल तथा एक तिरपाल, बरामद किया. इसके अलावा अलाउद्दीन अंसारी उर्फ लादेन के पास से 8,600 रुपये नकद, इंडियन बैंक का क्रेडिट कार्ड, एचडीएफसी बैंक का डेबिट कार्ड व बिजनेस कार्ड, आधार कार्ड, दवाइयां और रेडमी मोबाइल भी बरामद किया गया.

