बोकारो में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड के लिए गौरव की बात: अर्जुन मुंडा

बोकारो में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड के लिए गौरव की बात: अर्जुन मुंडा
इस खबर को शेयर करें...

 

बोकारो में राष्ट्रीय तीरंदाजी का रोमांच, देशभर के युवा तीरंदाजों ने दिखाया दम

Bokaro:

मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम, सेक्टर-4 में चल रही द्वितीय एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग के मुकाबले रविवार को संपन्न हो गए। देशभर से पहुंचे युवा तीरंदाजों ने अपनी प्रतिभा और निशानेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री सह भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और विजेताओं को पदक व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

जूनियर रिकर्व पुरुष वर्ग में मेघालय के देवराज मोहापात्रा ने स्वर्ण पदक जीता। झारखंड के गोल्डी मिश्रा को रजत और ओडिशा के रसानंदा बिरुआ को कांस्य पदक मिला। रिकर्व महिला वर्ग में हरियाणा की कीर्ति ने स्वर्ण, झारखंड की सुरभि पाल ने रजत और राजस्थान की खुशी कुमावत ने कांस्य पदक हासिल किया। जूनियर कंपाउंड पुरुष वर्ग में राजस्थान के प्रद्युम्न यादव ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। झारखंड के दिवांशु सिंह चंद्रवंशी दूसरे और महाराष्ट्र के शार्विल राजेंद्र माने तीसरे स्थान पर रहे। कंपाउंड महिला वर्ग में दिल्ली की सामीक्षा मनकतला ने स्वर्ण, हरियाणा की एंजेल ने रजत और तेलंगाना की मंडलुरु हरिणी रेड्डी ने कांस्य पदक जीता।

समापन समारोह में अर्जुन मुंडा ने कहा कि बोकारो में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि भारत तीरंदाजी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने झारखंड की प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और बड़े मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कहा कि गांवों और शहरों में छिपी प्रतिभाओं को उचित अवसर मिले तो वे देश-दुनिया में राज्य का नाम रोशन कर सकती हैं।

प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। गोल्डी मिश्रा, सुरभि पाल और दिवांशु सिंह चंद्रवंशी ने पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। समापन समारोह में पूर्व सांसद रविंद्र पांडेय, पूर्व विधायक बिरंची नारायण, बोकारो तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष सह पूर्व विधायक लंबोदर महतो समेत संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और गणमान्य लोग मौजूद थे।

Prabhat Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *