महिला के गले से सोने की चैन झपट कर बाइक सवार फरार
Bokaro:
बोकारो के गोमिया अंतर्गत आई ई एल थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने चैन छिनतई की घटना को अंजाम दिया। महिला अनीता देवी बैंक में पैसे जमा कर घर लौट रही थी। इस दौरान बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने महिला के गले से सोने के चैन की झपट लिया और फरार हो गए। पीड़ित महिला आई. ई. एल. थाना क्षेत्र के गवर्मेंट कॉलोनी स्थित लाल फ्लैट निवासी है, जो अपने पोता-पोती के साथ एसबीआई गोमिया शाखा से अपने घर लौट रही थी।
अनीता देवी ने कहा कि बैंक में पैसा जमा कर जब पोता-पोती के साथ अपने आवास लौट रही थी, तभी बैंक से मात्र 100 मीटर दूरी पर बाइक में सवार दो अज्ञात युवक मेरे समीप आए और गले में पहने सोने की चैन को झपटकर भाग गए। उनकी मंशा कान में पहने हुए सोने की बाली को भी झपटने की थी, लेकिन मेरे द्वारा चीखने चिल्लाने पर मेरी ओर कुछ लोग को आता देख फरार हो गए। चैन का वजन 12 ग्राम है, जिसकी बाजार कीमत लगभग एक लाख 80 हजार रुपए है।
वहीं घटना की सूचना पर आई. ई. एल. पुलिस महिला के घर पहुंच कर पूछताछ किया है। साथ ही घटनास्थल ले जाकर क्राइम सीन को रीक्रिएट किया है। जांच में जुटी पुलिस टीम बैंक सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि बैंक के सीसीटीवी में बाइक सवार दो संदिग्ध युवक कैद हुए हैं, जिनकी पहचान में पुलिस जुटी है।
![]()

