क्राइम मीटिंग में लंबित कांडों की समीक्षा, निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश
Bokaro:
जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने रविवार को क्राइम मीटिंग आयोजित कर सभी थाना प्रभारियों एवं डीएसपी के साथ विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने तथा अनुसंधान कार्य को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि जिन मामलों में अनुसंधान में कठिनाई आ रही है, वहां संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। गंभीर मामलों में डीएसपी स्तर के अधिकारी स्वयं निगरानी करते हुए अनुसंधान को आगे बढ़ाएं।
हाल के दिनों में जिम के बाहर हुई मारपीट की घटना को लेकर भी बैठक में सवाल उठे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी और एक पक्ष की गिरफ्तारी हो जाने पर असंतोष जताया गया। इस पर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है और किसी प्रकार के दबाव की बात निराधार है।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों में आने वाले आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनका त्वरित समाधान किया जाए। लापता एवं गुमशुदगी के मामलों में सीआईडी की गाइडलाइन के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
साइबर अपराध को लेकर भी बैठक में चिंता व्यक्त की गई। बताया गया कि वर्षभर में 48 साइबर क्राइम के मामले सामने आए हैं, जिनमें अब तक किसी का भी पूर्ण उद्भेदन नहीं हो पाया है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द निष्पादन का प्रयास किया जा रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ साइबर टीम की भी मदद ली जाएगी।
इसके अलावा बाल विवाह एवं पॉक्सो एक्ट के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर गोमिया क्षेत्र के स्कूल, कॉलेज एवं छात्रावासों में अभियान चलाने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि बच्चों को जागरूक कर ऐसे अपराधों की रोकथाम की दिशा में पुलिस लगातार प्रयासरत है।
![]()

