रणविजय मेमोरियल संस्कार पब्लिक स्कूल ने स्टेट टॉपर छोटी को किया सम्मानित
Bokaro :
कसमार प्रखंड के खैराचातर स्थित रणविजय मेमोरियल संस्कार पब्लिक स्कूल में शनिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें इंटर आर्ट्स की स्टेट टॉपर छोटी कुमारी सहित विभिन्न संकायों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व मुखिया रामसेवक जायसवाल, विद्यालय की प्राचार्या विभा पांडेय एवं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न तथा सम्मान राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिवार की ओर से स्टेट टॉपर छोटी कुमारी को विशेष सम्मान राशि भी भेंट की गई। इस दौरान जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीमा कुमारी, खुशी प्रवीण एवं विज्ञान संकाय के छात्र सरुण कुमार महतो को सम्मानित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामसेवक जायसवाल ने कहा कि छोटी कुमारी एवं अन्य विद्यार्थियों की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद इन विद्यार्थियों ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह अन्य बच्चों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित करेगी।
प्राचार्या विभा पांडेय ने कहा कि सफलता परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार प्रयास से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। समारोह में विष्णु कुमार जायसवाल, कुमारी मिठू, राजीव कुमार, सरिता कुमारी, अब्दुल शाहीद अंसारी, छोटेलाल ठाकुर, सविता पांडेय, अब्दुल हसन जहांगीर, धनेश्वर महतो, रिया जायसवाल, तन्नू प्रमाणिक, डिंपल कुमारी, निखिल कुमार, प्रेम तिवारी, हसन अंसारी, मनोज अड्डी, राजू पॉल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन दीपक सवाल ने किया।
![]()

