कसमार में एक्सप्रेस वे निर्माण कार्य: उड़ते धूल से परेशान बगियारी वासियों ने एक्सप्रेसवे निर्माण में लगे वाहनों को रोका
Bokaro :
कसमार क्षेत्र में कोलकाता-वाराणसी एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए छाई ढुलाई कर रहे भारी वाहनों से उड़ रही धूल से लोग परेशान हैं। इसके विरोध में शुक्रवार को कसमार प्रखंड के बगियारी मोड़ के पास ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक निर्माण कार्य में लगे मालवाहक वाहनों का परिचालन रोक दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर हाइवा वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि, इस दौरान यात्री वाहनों का आवागमन नियमित चलता रहा। ग्रामीणों ने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहन गुजरने से सड़क पर अत्यधिक धूल उड़ रही है, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है। घरों तक धूल पहुंचने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।
कंपनी वाहनों को रोके जाने की सूचना मिलते ही कंपनी प्रतिनिधि विकास कुमार एवं अन्य मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने नियमित पानी छिड़काव की मांग करते हुए चेतावनी दी कि व्यवस्था नहीं सुधरने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। कंपनी की ओर से नियमित पानी छिड़काव का आश्वासन मिलने के बाद जाम समाप्त कर दिया गया। मौके पर मंतोष कुमार महली, संतोष कुमार महली, निवारण महली, रवींद्र महली, आनंद महली, सचिन गोस्वामी, करण महली, राज महली, चम्पा देवी, दीपा देवी, गुलाची देवी, मीना देवी, सावित्री देवी समेत कई ग्रामीण मौजूद थे। इधर कसमार के ग्रामीणों ने भी सड़क पर दिन रात चल रहे भारी वाहनों से उड़ रही धूल व छाई को रोकने के लिए सड़क पर नियमित रूप से पानी छिड़काव करने की मांग की है। कसमार के ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी की ओर से कुछ दिनों तक पानी का छिड़काव किया गया था, लेकिन पिछले छह महीने से पानी छिड़काव बंद कर दिया गया है।
![]()

