जमीन विवाद में फायरिंग से दहला राम मंदिर मार्केट, युवक घायल

जमीन विवाद में फायरिंग से दहला राम मंदिर मार्केट, युवक घायल
इस खबर को शेयर करें...

 

Bokaro:

बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम मंदिर मार्केट रविवार रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। जमीन विवाद को लेकर बाइक सवार अपराधियों ने चास के नंदुआस्थान निवासी जयराम प्रसाद पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना में जयराम की दाहिनी जांघ में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के संबंध में अस्पताल पहुंची पुलिस को जयराम ने बताया कि वह रविवार रात राम मंदिर मार्केट के पास सिटी पार्क की ओर फुटपाथ पर स्थित एक चाय दुकान में अपने कुछ साथियों के साथ बैठा था। इसी दौरान कई बाइकों पर सवार होकर विजय सिंह उर्फ भुटू अपने पांच साथियों के साथ वहां पहुंचा। देखते ही देखते अपराधियों ने जयराम को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उनकी जांघ में लगी और वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

बताया जाता है कि पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र स्थित एनएच के पास एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही बीएस सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी भुटू और उसके साथियों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Loading

Prabhat Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *