अविलंब वार्षिक एक्शन प्लान तैयार कर समर्पित करें: उपायुक्त
Bokaro:
वार्षिक एक्शन प्लान जल्द तैयार करने का निर्देश, टांड भूमि पर धान उत्पादन बढ़ाने पर जोर
बोकारो: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने कृषि, सहकारिता, मत्स्य, पशुपालन, भूमि संरक्षण एवं सर्वेक्षण विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सभी विभागों को अविलंब वार्षिक एक्शन प्लान तैयार कर जमा करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने जिले की टांड भूमि पर अधिक से अधिक धान उत्पादन सुनिश्चित करने, किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने तथा मल्टी क्रॉप और इंटर क्रॉप खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।
जल संरक्षण को लेकर उन्होंने “गांव का पानी गांव में और खेत का पानी खेत में अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इसके तहत मिट्टी का मेड़ निर्माण, भू-जल रिचार्ज, तालाब एवं डोभा निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया।
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में आदर्श बागान विकसित करने, उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग करने तथा वन विभाग के सहयोग से औषधीय पौधों के रोपण को बढ़ावा देने की बात कही।
कृषक पाठशाला नावाडीह एवं जरीडीह को एग्रो टूरिज्म मॉडल के रूप में विकसित करने, मॉडल तालाब निर्माण तथा मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही, प्रगतिशील किसानों के साथ बैठक कर कृषि क्षेत्र में नवाचार को गति देने पर बल दिया गया।
बैठक में पशुपालन विभाग की योजनाओं, सिंचाई परियोजनाओं, सॉइल हेल्थ कार्ड, किसान समृद्धि योजना, ट्रैक्टर एवं पंपसेट वितरण, बकरा एवं शूकर विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
![]()

