बकरीद पर्व को लेकर डीसी – एसपी ने कंपोजिट कंट्रोल रूम एवं मिनी कंट्रोल रूम का लिया जायजा
Bokaro:
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने गुरुवार को कंपोजिट कंट्रोल रूम सहित रीतुडीह-सीवनडीह स्थित मिनी कंट्रोल रूम का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों से क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों की गतिविधियों एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को लगातार गश्ती एवं सतर्क निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में कंट्रोल रूम की संचार व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम, ड्यूटी रजिस्टर एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली की भी समीक्षा की गई। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को अलर्ट मोड में रहकर कार्य करने का निर्देश दिया। मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार समेत अन्य उपस्थित थे।
![]()

