बोकारो में बंद घर बना चोरों का निशाना, 12 लाख की चोरी से इलाके में भय का माहौल 

बोकारो में बंद घर बना चोरों का निशाना, 12 लाख की चोरी से इलाके में भय का माहौल 
इस खबर को शेयर करें...

Bokaro:
जरीडीह थाना क्षेत्र के टांड़ मोहनपुर पंचायत में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आर्यन होटल के पीछे स्थित इस घर में 1 जून की रात घटी घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, घर के मालिक सोनू कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ पुराने आवास कुर्मीडीह गए हुए थे। इसी दौरान सुनसान पड़े घर का फायदा उठाते हुए चोरों ने ताला तोड़ा और अंदर घुसकर कीमती सामान समेट लिया। मंगलवार सुबह जब परिवार लौटा तो घर का दरवाजा खुला मिला और अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए—सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खाली।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर सोने-चांदी के जेवरात, पीतल के बर्तन, नगद राशि सहित करीब 10 से 12 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर गए। चोरी हुए सामान में सोने का हार, झुमके, चार अंगूठियां, जरूरी दस्तावेज, एटीएम कार्ड और हार्ड डिस्क भी शामिल हैं।

नया घर बना आसान निशाना
परिवार की सदस्य रेखा गुप्ता ने बताया कि वे पहले कुर्मीडीह में रहते थे और करीब 20 दिन पहले ही मोहनपुर स्थित नए घर में शिफ्ट हुए थे। सोमवार शाम घर में ताला लगाकर वे पुराने घर चले गए थे, तभी चोरों ने मौके का फायदा उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही जरीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सोनू कुमार गुप्ता ने लिखित शिकायत देकर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इस वारदात के बाद क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Prabhat Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *