बोकारो औधोगिक क्षेत्र में निर्माणाधीन BMW प्लांट से रंगदारी मांगने वाला प्रिंस खान का गुर्गा पुलिस के हत्थे चढ़ा

बोकारो औधोगिक क्षेत्र में निर्माणाधीन BMW प्लांट से रंगदारी मांगने वाला प्रिंस खान का गुर्गा पुलिस के हत्थे चढ़ा
इस खबर को शेयर करें...

 

Bokaro:
बालीडीह थाना क्षेत्र में स्थित BMW प्लांट से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुख्यात प्रिंस खान गैंग के स्थानीय नेटवर्क को झटका देते हुए उसके एक प्रमुख सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेक्टर-2सी निवासी 37 वर्षीय राकेश कुमार के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने बेरमो मोड़ (डुमरी क्षेत्र) से दबोचा। पुलिस के अनुसार, राकेश कुमार बोकारो में गैंग के विस्तार और प्रभाव बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
मामले की शुरुआत 12 मार्च को हुई थी, जब प्लांट मैनेजर सुरेश कुमार सिंह ने बालीडीह औद्योगिक ओपी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने और भुगतान न करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद पुलिस ने कांड संख्या 56/26 दर्ज कर डीएसपी (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।
जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राकेश कुमार तक पहुंच बनाई। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह प्रिंस खान के अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप नंबर के संपर्क में था और उसी के निर्देश पर धमकी भरा पर्चा लिखकर प्लांट परिसर में छोड़ा था। इतना ही नहीं, उस पर्चे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था, जिससे कंपनी पर दबाव बनाया जा सके।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस काम के एवज में आरोपी को करीब 1.50 लाख रुपये उसके बैंक खातों में भेजे गए थे। आरोपी के पास से बरामद मोबाइल फोन में व्हाट्सएप कॉल और चैट के कई अहम सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का और बड़ा खुलासा हो सकता है।

Prabhat Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *