7–8 जून को बोकारो में राज्य स्तरीय अंडर-23 कुश्ती प्रतियोगिता, दिखेगा दमखम और रोमांच
Bokaro:
देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे अधिक पदक दिलाने वाले खेलों में शुमार कुश्ती का रोमांच अब बोकारो में देखने को मिलेगा। खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को मंच देने के उद्देश्य से सेक्टर 2ए स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रांगण में 7 और 8 जून को दो दिवसीय झारखंड राज्य स्तरीय अंडर-23 कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
इस बहुप्रतीक्षित प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से करीब 200 पहलवान अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन बोकारो जिला कुश्ती संघ और झारखंड राज्य कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में होगा, जहां ग्रीको-रोमन और फ्री स्टाइल दोनों वर्गों के मुकाबले दर्शकों को रोमांचित करेंगे।
कुश्ती संघ के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। यहां न सिर्फ नए खिलाड़ियों को पहचान मिलेगी, बल्कि अनुभवी पहलवानों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात 10बजे तक किया जाएगा, जिससे दर्शक पूरे जोश के साथ मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे।इस मौके पर राष्ट्रीय कोच मृत्युंजय नाथ चौधरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन समिति ने जिले के खेल प्रेमियों, युवाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस खेल महोत्सव को सफल बनाएं।
साथ ही जिला प्रशासन और बोकारो इस्पात प्रबंधन से भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए सहयोग की अपेक्षा जताई गई है।

