ऑटो व टोटो चालकों को यातायात नियम पालन करने को लेकर सख्त संदेश
Bokaro:
शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से ट्रैफिक विभाग द्वारा लगातार व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कागजात की कमी रहने पर जुर्माना भी लिया जा रहा है, इसको लेकर ऑटो/टोटो चालकों में नाराजगी है।
यातायात थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ऑटो और टोटो चालक संघ के पदाधिकारियों के साथ करीब 300 से अधिक चालक शामिल हुए। सभी चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने और अपने वाहनों के जरूरी कागजात अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि नया मोड़, जोधाडीह मोड़, धर्मशाला मोड़, बसंती मोड़, हटिया मोड़, बोकारो रेलवे स्टेशन, जैनामोड़, बेरमो, पेटरवार और चन्दनकियारी समेत कई क्षेत्रों से चालक इस अभियान में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़ा कर जाम लगाना, यात्रियों को असुविधा पहुंचाना और नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषी चालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, चालक संघ के पदाधिकारियों ने वाहन कागजात से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस पर अधिकारियों ने उन्हें उचित प्रक्रिया के तहत अपनी समस्याएं प्रस्तुत करने की सलाह दी, ताकि संबंधित स्तर पर उनका समाधान किया जा सके।
अभियान के अंत में चालकों ने प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा जताया और यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात को सुचारू रखने और जाम की समस्या कम करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

