ग्रामीण खिलाड़ी भी क्रिकेट में ना सकते हैं बेहतर कैरियर : कसमार थाना प्रभारी
Bokaro :
कसमार प्रखंड के मुरहुलसुदी स्थित काशीटांड़ खेल मैदान में सोमवार को मुरहुलसुदी पंचायत लीग (एमपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एमपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने फीता काटकर व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुरुआत की। एमपीएल के दूसरे दिन तांती इलेवन बनाम मिथिलेश इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें मिथिलेश इलेवन के टीम निर्धारित 8 ओवरों में सभी विकेट खोकर 67 रन बनाया। जवाब में तांती इलेवन की टीम ने 4 ओवर 4 गेंद में ही दो विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। सर्वाधिक कृष्णा करमाली ने 14 गेंदों में 34 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। जहां तांती इलेवन ने मिथिलेश इलेवन को 8 विकेट से पराजित किया। उसी तरह से दूसरा मैच एकता इलेवन बनाम गिरिनाग डेनियल के बीच खेला गया, जिसमें गिरिनाग डेनियल की टीम ने एकता इलेवन को 30 रनों से पराजित किया।
तीसरा मैच शिवम सुपर टीम बनाम मिथिलेश इलेवन टीम के बीच खेला गया। जिसमें शिवम सुपर ने मिथिलेश इलेवन को 18 रनों से पराजित किया। चौथा मैच टोंडरा हीटमेन बनाम तांती इलेवन के बीच खेला गया। जिसमें तांती इलेवन की टीम ने टोंडरा हीटमेन को 7 विकेट से पराजित किया। तांती इलेवन टीम की ओर से सर्वाधिक राजा टुडू ने महज 15 गेंदों में ही 38 रनों की शानदार पारी खेली।
इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने कहा कि खेल शरीर व मन में समन्वय बनाता है, जिससे प्रतिभा निखरती है। उन्होंने कहा कि गांव और गलियों से ही बड़े- बड़े खिलाड़ी निकलते है। कहा कि सभी खिलाड़ी निरंतर सफलता की उंचाईयों को प्राप्त करें। क्रिकेट खेल में भी खिलाड़ी अपना कैरियर बना सकते है। कहा कि ग्रामीण युवा भी अब राज्य, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे है। मौके पर मनोज कुमार महतो, सुभाष महतो, उमेश मुंडा, जीतेन्द्र महतो, प्रेमजीत प्रियांशु, रीखिलाल महतो, शिवम महतो, तुलसीदास महतो, अजय तांती, अजय महतो, संजय करमाली, जयवीर महतो, लालचंद महतो, धूमन महतो सहित कई खिलाड़ी व ग्रामीण मौजूद थे।

