असंतुलित बाइक सवार की चपेट में आया एक राहगीर, दो घायल
Bokaro:
बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना नई बस्ती के समीप उस समय हुई, जब बोकारो थर्मल की ओर आ रही एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सामने से कंजकीरो की दिशा में जा रहे एक राहगीर को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए डीवीसी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को खतरे से बाहर बताया गया, जबकि दूसरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बोकारो स्थित बीजीएच अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने ले आई है और मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार ऊपरघाट गोनियाटो क्षेत्र का रहने वाला है, जो बोकारो थर्मल के गोबिंदपुर स्थित अपने मामा के घर आ रहा था।

