ओटो चालक संघ ने ऑनलाइन चल रही बाइक सेवाओं का किया विरोध
Bokaro:
बोकारो रेलवे स्टेशन से यात्रियों को ससमय और सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने वाले ऑटो रिक्शा चालक संघ की बैठक मंगलवार को स्टैंड परिसर में आयोजित हुई। बैठक में सभी चालकों की सहमति से ऑनलाइन चल रही बाइक सेवाओं का जमकर विरोध जताया गया। संघ ने निर्णय लिया कि ऐसे ऑनलाइन सेवाओं के खिलाफ जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर रोक लगाने की मांग की जाएगी।
संघ अध्यक्ष संजय कुमार यादव ने कहा कि जिले में ऑनलाइन बाइक सेवाएं शुरू होने के बाद से ऑटो चालकों की आमदनी लगातार घट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये बाइक सेवाएं अवैध रूप से चल रही हैं, क्योंकि अधिकांश निजी वाहन (व्हाइट बोर्ड) का उपयोग व्यावसायिक रूप में किया जा रहा है, जिनके पास न तो वैध परमिट है और न ही कमर्शियल टैक्स का भुगतान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की बाइक सेवाओं पर जल्द से जल्द रोक लगनी चाहिए, क्योंकि इससे ऑटो चालकों का रोजगार प्रभावित हो रहा है। संघ के पूर्व अध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि रेलवे स्टेशन से रोजाना बड़ी संख्या में ऑटो चलते थे, लेकिन अब स्थिति यह हो गई है कि एक चालक को दिनभर में एक फेरा मिल जाए तो उसे भाग्यशाली माना जाता है। कई ऑटो चालक दिनभर सवारी के इंतजार में खड़े रहते हैं।
महामंत्री अलाउद्दीन ने कहा कि वैध ऑटो चालकों को परमिट, फिटनेस टेस्ट और कमर्शियल लाइसेंस के लिए निर्धारित शुल्क देना पड़ता है। उनकी कमाई से ही उनके परिवार और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई चलती है। लेकिन ऑनलाइन बाइक सेवाएं इन नियमों का पालन नहीं कर रही हैं।
संघ ने जिला प्रशासन से इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है, अन्यथा ऑटो चालकों के सामने आजीविका का संकट गहराने की आशंका जताई गई है।

