DDC ने चास प्रखंड के सुनता पंचायत स्थित ज्ञान केन्द्र का किया निरीक्षण
Bokaro:
शुक्रवार को उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने चास प्रखंड अंतर्गत सुनता पंचायत स्थित ज्ञान केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केन्द्र में उपलब्ध अध्ययन व्यवस्था, पठन-पाठन का वातावरण, आमजन/विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं संचालन व्यवस्था का जायजा लिया।
डीडीसी ने ज्ञान केन्द्र की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों/आमजनों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में यह केन्द्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने पंचायत सचिव अस्मिता कुमारी को निर्देश दिया कि ज्ञान केन्द्र के 02 किलोमीटर की परिधि में संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर अधिक से अधिक अध्ययनरत विद्यार्थियों को ज्ञान केन्द्र से जोड़ा जाए, ताकि विद्यार्थी नियमित रूप से यहां आकर अध्ययन कर सकें और इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि ज्ञान केन्द्रों के माध्यम से विद्यार्थियों/आमजनों में अध्ययन की रुचि बढ़ेगी तथा प्रतियोगी परीक्षाओं एवं सामान्य शिक्षा के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध होगा। साथ ही पंचायत स्तर पर शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी ऐसे केन्द्र सहायक सिद्ध होंगे। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी सफीक आलम, बीडीओ चास प्रदीप कुमार, पंचायत सचिव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
![]()

