छात्राओं के बीच पहुंचे उपायुक्त, साथ किया भोजन – बढ़ाया मनोबल

छात्राओं के बीच पहुंचे उपायुक्त, साथ किया भोजन – बढ़ाया मनोबल
इस खबर को शेयर करें...

देश के लिए जीने का लें संकल्प – छात्राओं को दिखाई सफलता की राह
Bokaro:
मंगलवार को चास स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में उपायुक्त अजय नाथ झा समेत अन्य पदाधिकारियों ने छात्राओं के साथ भोजन किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनके अनुभव, पढ़ाई और दैनिक जीवन से जुड़ी बातों को जाना। उपायुक्त ने अपने विद्यालय जीवन की एक रोचक घटना साझा करते हुए बताया कि उनके स्कूल में एक बार मुख्यमंत्री का आगमन हुआ था। उस दौरान जब मुख्यमंत्री ने उनसे किसी असुविधा के बारे में पूछा, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा था कि यहां एक ही असुविधा है कि यहां ज्यादा सुविधाएं हैं। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने छात्राओं को बताया कि परिस्थितियां चाहे जैसी हों, संकल्प और मेहनत ही सफलता की कुंजी है।
विद्यालय के दिनों को याद कर दिया संदेश –
उन्होंने बताया कि उनके समय में बिजली की सुविधा नहीं होती थी और वे अन्य छात्रों के साथ बारी-बारी से मोमबत्ती जलाकर पढ़ाई किया करते थे। आज के समय में उपलब्ध सुविधाओं को अवसर बताते हुए उन्होंने छात्राओं को अपने करियर पर ध्यान केंद्रित करने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने का संदेश दिया।
देश के लिए कुछ करने का दिलाया संकल्प –
उपायुक्त ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे संकल्प लें कि उन्हें केवल अपने लिए नहीं, बल्कि देश के लिए भी जीना है। उन्होंने कहा कि आप सभी में असीम संभावनाएं हैं, जिन्हें सही दिशा में प्रयास कर साकार किया जा सकता है।
इस दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की बाल संसद के सदस्यों से बातचीत की और उनकी भूमिका एवं जिम्मेदारियों की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने और सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
शिक्षिकाओं से भी किया संवाद –
उपायुक्त ने विद्यालय की शिक्षिकाओं से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित मुद्दों के समाधान हेतु आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।

Loading

Prabhat Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *