पुरुषोत्तम मास में श्री गोपालेश्वर महादेव मंदिर में भागवत कथा का शुभारंभ, श्रद्धालुओं में उत्साह

पुरुषोत्तम मास में श्री गोपालेश्वर महादेव मंदिर में भागवत कथा का शुभारंभ, श्रद्धालुओं में उत्साह
इस खबर को शेयर करें...

 

Bokaro:

बोकारो जिला के चास प्रखंड अंतर्गत चीरा चास स्थित पांडेपुर के समीप अवस्थित श्री गोपालेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार से पवित्र पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन शुरू हो गया है, जो आगामी गुरुवार तक चलेगा। इस आध्यात्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार पुरुषोत्तम मास भगवान विष्णु को समर्पित होता है। इस पावन महीने में भगवान की आराधना, कथा-श्रवण और भक्ति-भाव से किए गए कार्यों का विशेष महत्व माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दौरान भागवत कथा सुनने से जीवन के कष्ट, दुख और विपत्तियां दूर होती हैं तथा मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।
इसी कड़ी में मंदिर परिसर में प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य व्यास पांडे के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। आचार्य पांडे अपने मधुर वाणी और भावपूर्ण प्रस्तुति के लिए जाने जाते हैं, जिनकी कथा श्रद्धालुओं के मन को भक्ति में सराबोर कर देती है।
आयोजन समिति के तत्वावधान में हो रहे इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की गई है। मंदिर के मुख्य पुजारी का कहना है कि यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम है, बल्कि समाज में सकारात्मकता और सद्भाव का संदेश भी देता है।

Prabhat Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *