जियाडा क्षेत्र के लिए BKMS की नई कमेटी गठित, अफसर अंसारी बने अध्यक्ष
जेएलकेएम के तत्वावधान में भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ (BKMS) ने संगठन विस्तार के तहत जियाडा, बोकारो क्षेत्र के लिए नई क्षेत्रीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी को संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय कुमार महतो तथा महामंत्री सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो की अनुशंसा पर मंजूरी प्रदान की गई।
जारी सूची के अनुसार, कमेटी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अफसर अंसारी को सौंपी गई है। वहीं उपाध्यक्ष के रूप में अशोक सोरेन एवं सोहराब अली को मनोनीत किया गया है। सचिव पद पर नलिन कपरदार, मांगन कपरदार एवं जिलानी अंसारी को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कोषाध्यक्ष के रूप में उमेश महतो को नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा 15 सदस्यीय कार्यकारिणी का भी गठन किया गया है, जिसमें अताउल्लाह सौदागर, मनसू महतो, रथु लहरी, खुर्शीद आलम, गुप्तेश्वर मंडल, मनोहर सिंह, अब्दुल मुत्तलिब, संतोष सिंह, आजाद खान, अमजद अंसारी, सुनील किसकु, उत्पल मंडल, मंटू कुंभकार, धीरेन महतो एवं अनु महतो को शामिल किया गया है।
जेएलकेएम के केंद्रीय प्रवक्ता जयदेव महतो ने बताया कि जियाडा क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई मजदूरों को निर्धारित मानकों के अनुरूप वेतन नहीं मिल रहा है। साथ ही, श्रमिकों को मूलभूत सुविधाएं भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। इस संबंध में संगठन कंपनी प्रबंधन से बातचीत करेगा और मजदूरों के लिए स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं सुनिश्चित कराने का प्रयास करेगा, ताकि किसी दुर्घटना या अनहोनी की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई कंपनियां केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कर रही हैं। विशेष रूप से, औद्योगिक कचरे का समुचित निस्तारण नहीं किया जा रहा है और गंदे पानी को सीधे नदियों में छोड़ा जा रहा है, जिससे जल स्रोत प्रदूषित हो रहे हैं। इसका असर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों पर पड़ रहा है, जहां लोग नदियों के पानी का उपयोग स्नान और सिंचाई के लिए करते हैं।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कमेटी गठन का उद्देश्य जियाडा औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों की समस्याओं को संगठित तरीके से उठाना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाना है।
![]()

