सिटी सेंटर में आग से दहशत, समय रहते टला बड़ा हादसा
Bokaro:
शनिवार देर शाम शहर के सिटी सेंटर इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बहुमंजिला भवन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई और अंदर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि एचबी-4 स्थित एक ही परिसर में संचालित कोचिंग सेंटर और ब्यूटी पार्लर में शॉर्ट सर्किट से आग भड़की। चिंगारी लगते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और घना काला धुआं पूरे भवन में फैल गया, जिससे स्थिति बेहद भयावह हो गई।
लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा-
घटना के समय अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए रेस्क्यू शुरू कर दिया। अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों ने अंदर फंसे कई लोगों को बाहर निकाला, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।
दमकल की त्वरित कार्रवाई, समय रहते आग पर काबू-
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। टीम ने तेजी से आग बुझाने के साथ-साथ धुएं में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस गंभीर हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि कई लोग धुएं के कारण प्रभावित हुए, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।
शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह-
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत जांच के बाद ही अंतिम कारण सामने आएगा। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल देखा गया।

