घर के बाहर शराबखोरी का विरोध करने पर महिला व देवर पर हमला, सिर फूटा
Bokaro:
चास थाना क्षेत्र के राणा प्रताप नगर, गरगा नदी सूर्यगढ़ा छठधार इलाके में असामाजिक तत्वों के खिलाफ आवाज उठाना एक महिला को भारी पड़ गया। घर के बाहर बैठकर शराब और नशा करने तथा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार का विरोध करने पर महिला और उनके देवर पर पत्थर से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों के सिर पर चोट आई है।
पीड़िता पूनम देवी (पति विनय साह) ने बताया कि लंबे समय से मोहल्ले के कुछ युवक—सत्यम यादव, अनिष कुमार, राहुल यादव, अनोज कुमार, विशाल समेत अन्य—क्षेत्र में शराब, नशा और आपत्तिजनक गतिविधियों में लिप्त हैं। ये युवक अक्सर उनके घर के सामने जमा होकर बहू-बेटियों पर गलत नजर रखते हैं और अशोभनीय टिप्पणियां करते हैं, जिससे पूरे मोहल्ले में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
घटना के दिन जब पूनम देवी ने साहस दिखाते हुए इन युवकों को समझाने का प्रयास किया, तो आरोप है कि राहुल यादव ने पत्थर से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे खून बहने लगा। उनके देवर को भी हमले में चोट आई। वहीं, अन्य आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घर की महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक अक्सर अपने पास चाकू जैसे हथियार रखते हैं और बाहरी लोगों को बुलाकर इलाके का माहौल खराब करते हैं। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
पूनम देवी ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।
![]()

