चास कॉलेज परीक्षा केंद्र बना अखाड़ा: छात्रों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच नोकझोंक, पुलिस हस्तक्षेप से शांत हुआ माहौल 

चास कॉलेज परीक्षा केंद्र बना अखाड़ा: छात्रों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच नोकझोंक, पुलिस हस्तक्षेप से शांत हुआ माहौल 
इस खबर को शेयर करें...

Bokaro: 
सोमवार को चास कॉलेज, चास उस वक्त अचानक तनाव का केंद्र बन गया, जब इमामुल हई खान लॉ कॉलेज के परीक्षार्थियों और कॉलेज प्रशासन के बीच जमकर नोकझोंक हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि स्थिति संभालने के लिए कॉलेज प्रशासन को पिण्ड्राजोरा थाना पुलिस बल को बुलाना पड़ा। परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे तक छात्र कॉलेज परिसर में डटे रहे और प्राचार्य से माफी की मांग पर अड़े रहे। छात्रों के आक्रोश को देखते हुए पूरे कैंपस में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
चास कॉलेज के परीक्षा नियंत्रक डॉ. रामप्रवेश कुमार ने बताया कि परीक्षा के पहले ही दिन एक परीक्षार्थी, सौरव कुमार, नकल करते हुए पकड़ा गया था। जांच में पाया गया कि उसने अपने प्रवेश पत्र पर ही उत्तर लिख रखे थे। इस कार्रवाई से नाराज़ छात्रों ने उसी दिन से परीक्षा नियंत्रक और निरीक्षकों के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया था।
क्या है पूरा मामला-
दरअसल, इमामुल हई खान लॉ कॉलेज के सेमेस्टर-वन के छात्रों की परीक्षा 22 मई से 1 जून तक चास कॉलेज में आयोजित की गई थी। विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने के लिए सख्ती बरती जा रही थी।
परीक्षा नियमों के अनुसार छात्रों को केवल लेखन सामग्री और पानी की बोतल ही ले जाने की अनुमति थी, लेकिन कई छात्र मोबाइल फोन लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने की जिद कर रहे थे। प्रशासन की सख्ती और लगातार निगरानी से छात्र असंतुष्ट थे।
इसी नाराजगी ने सोमवार को उग्र रूप ले लिया। अंतिम दिन सभी परीक्षार्थी एकजुट होकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे और देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। बेकाबू होते हालात को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने तत्काल पुलिस को बुलाया, जिसके बाद किसी तरह हालात पर काबू पाया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और सख्ती को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।

Loading

Prabhat Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *