चीरा चास में गरगा नदी पर गंगा आरती: नदी को स्वच्छ बनाने के लिए निगम, जिला प्रशासन और जनता से अपील
Bokaro:
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नदी को स्वच्छ बनाने के लिए चीरा चास में गरगा नदी पर गंगा आरती का आयोजन किया गया। दमोदर बचाओ आंदोलन के तहत 25 मई को देवनद दामोदर महोत्सव मनाया जाता है। इसके तहत दामोदर और उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता को लेकर पूजा अर्चना की जाती है। इसी संदर्भ में सोमवार को चीरा चास क्षेत्र के निवासियों ने गरगा नदी पर विधिवत गंगा आरती का आयोजन किया। दामोदर बचाओ आंदोलन के बोकारो मीडिया प्रभारी ललित सिन्हा ने कहा जिला प्रशासन, नगर निगम एवं आम जनता को गरगा नदी की साफ-सफाई और स्वच्छता के लिए आगे आने की आवश्यकता है। यह नदी पूरी तरह दूषित हो चुकी की है। नदी में कचरा न जाए इसकी व्यवस्था के लिए व्यापक योजना बनाई जाए।
नगर निगम वार्ड दो की पार्षद प्रभा देवी ने लोगों से गरगा नदी में कचरा न डालने की अपील की। वहीं, स्थानीय निवासी अर्चना शर्मा ने कहा कि गरगा नदी की साफ-सफाई और इसके जल को निर्मल बनाने के लिए हम सभी को संकल्प लेना होगा। प्रशासनिक स्तर के साथ हम सभी को अपने स्तर पर भी इसकी सफाई के लिए समर्पित होना होगा।
![]()

