चास में चार दिनों से बिजली गुल, 500 घरों में जनजीवन प्रभावित लोगों ने किया सड़क जाम
Bokaro:
चास नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वास्तु विहार प्रोजेक्ट-4, चिरा चास में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे लगभग 500 घरों के लोग गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। लगातार बिजली नहीं रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, वहीं पानी की आपूर्ति और दैनिक कार्यों पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। साथ ही यहां लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता भी कम है, जिसके कारण बार-बार फ्यूज उड़ने की समस्या होती रहती है। इससे लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने ट्रांसफार्मर बदलने एवं अधिक क्षमता वाले नए ट्रांसफार्मर लगाने के लिए संबंधित विभाग को आवेदन भी दिया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
कई बार सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज क्षेत्रवासियों का आक्रोश रविवार शाम को फूट पड़ा और उन्होंने तालगाड़िया मोड़ से चीराचास जाने वाली मुख्य सड़क को करीब आधे घंटे तक जाम कर दिया।
आक्रोशित लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह कदम सिर्फ चेतावनी के तौर पर उठाया गया है। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो अगला कदम उठाते हुए एनएच-32 को जाम किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन, संबंधित विभाग, नगर निगम, विधायक और सांसद की होगी। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके।
![]()

