कसमार के पांच सहायक अध्यापकों को मिला सहायक आचार्य का नियुक्ति पत्र
Bokaro:
कसमार प्रखंड के विभिन्न सरकारी स्कूलों में कार्यरत पांच सहायक अध्यापकों को सोमवार को रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों नवनियुक्त इंटर एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य का नियुक्ति पत्र सौंपा गया। लंबे समय से अपनी सेवा दे रहे इन शिक्षकों के स्थायीकरण और नए संवर्ग में शामिल होने पर कसमार प्रखंड के शिक्षा विभाग और शिक्षक समुदाय में हर्ष का माहौल है। समारोह में कसमार प्रखंड से चयनित एनपीएस, सुरजुडीह, सुईयाडीह के टेबुल राम महतो, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिलीसाड़म, सोनपुरा के अमित किशोर, मध्य विद्यालय मुरहुलसूदी के नरेश कुमार महतो, उत्क्रमित उच्च विद्यालय मधुकरपुर के चंद्र किशोर कुमार एवं क्षेत्रनाद प्लस टू हरनाद के पांच सहायक अध्यापकों को सहायक आचार्य का नियुक्ति पत्र सौंपा गया। नियुक्ति पत्र पाने के बाद कसमार के सभी नवनियुक्त सहायक आचार्यों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस नई जिम्मेदारी के बाद वे प्रखंड के सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी सभी नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं कसमार प्रखंड के अन्य सहायक अध्यापकों ने भी अपने साथियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताई और कहा कि इस कदम से क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होगी और पठन-पाठन की व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।

