बोकारो के लाल सौरव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया देश और जिले का मान, डीडी व विधायक ने किया सम्मानित

बोकारो के लाल सौरव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया देश और जिले का मान, डीडी व विधायक ने किया सम्मानित
इस खबर को शेयर करें...

 
Bokaro:
पिछले दिनों आयोजित 17वीं लान बाल एशिया चैम्पियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करने वाले सौरव कुमार को बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक बोकारो श्वेता सिंह एवं उपायुक्त अजय नाथ झा ने सौरव कुमार को शॉल, पुरस्कार, पौधा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही, जिले में खेलों के विकास में अहम योगदान के लिए जिला खेल पदाधिकारी (डीएसओ) हेमलता बून को भी सम्मानित किया गया।
 विधायक बोकारो ने कहा कि यह बोकारो के लिए अत्यंत गर्व और खुशी का क्षण है, जब यहां के प्रतिभाशाली युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने सौरव कुमार को हृदय से बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा आश्वासन दिया कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
वहीं, उपायुक्त ने कहा कि सौरव की यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे राज्य के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रशासन खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि खेल को बढ़ावा देने के लिए बोकारो में प्रति वर्ष तीन राष्ट्रीय एवं तीन से अधिक राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न खेल संघों को स्पोर्ट्स कैलेंडर तैयार करने को कहा है, जिला स्थापना माह के दौरान आयोजित कार्यक्रम में स्पोर्ट्स कैलेंडर जारी किया जाएगा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, खेल संघ के अध्यक्ष विपीन कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

Loading

Prabhat Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *