भक्ति में डूबा सुरजुडीह, रातभर गूंजता रहा हरि कीर्तन
Bokaro:
कसमार प्रखंड के सुरजुडीह मुखर्जी टोला में चार प्रहरीय हरि कीर्तन का आयोजन इस बार खासा उत्साह और भक्ति के माहौल में हुआ। ग्राम समिति की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में शनिवार रात ग्रामीण युवाओं के रंग दल ने ऐसी भक्ति रस की धारा बहाई कि पूरा गांव देर रात तक झूमता रहा। आसपास के सुरजुडीह, कसमार, फुटलाही, गर्री और हँसलता समेत कई गांवों से पहुंचे श्रद्धालु रातभर कीर्तन में डूबे रहे।
रविवार सुबह समापन के मौके पर कुंज भंग और रांगा धुला की पारंपरिक रस्में निभाई गईं, जिसमें सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। “बोल भाई कान्हाई…” जैसे भक्तिमय गीतों से माहौल पूरी तरह कृष्णमय हो गया। श्रद्धालुओं ने गुलाल खेलते हुए भगवान श्री कृष्ण से अच्छी बारिश और भरपूर फसल की कामना की।
ग्रामीणों ने बताया कि मानसून से पहले हर साल यह आयोजन पीढ़ियों से होता आ रहा है, जो गांव की आस्था और परंपरा का प्रमुख हिस्सा बन चुका है। कार्यक्रम में मुखर्जी परिवार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।

