रेलवे स्टेशन कार स्टैंड में खड़ी संदिग्ध बोलेरो, फर्जी नंबर प्लेट का खुलासा
शहर के रेलवे स्टेशन स्थित कार स्टैंड में कई दिनों से खड़ी एक बोलेरो ने फर्जी नंबर प्लेट के मामले को उजागर कर दिया है। वाहन पर लगा नंबर (JH 09M 5666) चास के भवानीपुर सोलागीडीह निवासी नाजीर अंसारी के नाम पर पंजीकृत है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि उनका असली वाहन उनके घर पर सुरक्षित खड़ा मिला। जांच में दोनों वाहनों के चेसिस नंबर अलग-अलग पाए गए, जिससे फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई।
ऐसे सामने आया मामला-
रेलवे स्टेशन कार स्टैंड का टेंडर हाल ही में नए संचालक को दिया गया है और 11 मई को स्टैंड हैंडओवर होना है। इसी प्रक्रिया के दौरान पुराने संचालक ने पुलिस की मदद से वाहन नंबर के आधार पर मालिक का संपर्क निकाला और 4 मई को नाजीर अंसारी को फोन कर गाड़ी हटाने को कहा। इस पर उन्होंने साफ किया कि उनका वाहन तो घर पर ही है, जिससे शक गहरा गया।
ओडिशा से आया चालान, बढ़ी चिंता-
नाजीर अंसारी ने बताया कि 15 अप्रैल को उनके मोबाइल पर ओडिशा से ₹5000 का चालान मैसेज आया था, जबकि उस समय भी उनकी गाड़ी घर पर ही थी। इसके बाद उन्होंने चिरा चास थाना में आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी। 5 मई को जीआरपी थाना में भी लिखित शिकायत दी गई।
पटना का निकला वाहन-
जांच में सामने आया कि कार स्टैंड में खड़ी बोलेरो असल में पटना (बिहार) की है। उसके असली नंबर (BR सीरीज) को बदलकर झारखंड का नंबर प्लेट लगाया गया था। वाहन मालिक ने बताया कि उन्होंने गाड़ी किराए पर एक चालक को दे रखी है, जिसने ही नंबर प्लेट बदल दिया होगा। फिलहाल वह चालक संपर्क में नहीं है।
पुलिस कर रही जांच-
जीआरपी थाना, बोकारो के प्रभारी अमरेंद्र कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पटना के वाहन मालिक को सभी कागजात के साथ 15 मई को बोकारो बुलाया गया है। जल्द ही पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
![]()

