अधूरी मरम्मत बनी मुसीबत: बालीडीह में एनएच-23 पर खुरदरी सड़क में बढ़ा खतरा
शहर के बालीडीह क्षेत्र में एनएच-23 की सड़क मरम्मत कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। वर्षों पुरानी फोरलेन सड़क के जर्जर होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने चास आईटीआई मोड़ से बालीडीह तक मरम्मत कार्य शुरू किया था। एक ओर जहां आईटीआई मोड़ से बालीडीह की दिशा में सड़क का काम पूरा कर लिया गया है, वहीं दूसरी ओर बालीडीह से आईटीआई मोड़ की तरफ कई हिस्सों में काम अब भी अधूरा पड़ा है।
खुरदरी सड़क बनी हादसों की वजह
मरम्मत के दौरान सड़क की ऊपरी परत को खुरचकर नई लेयर डालनी थी, लेकिन बालीडीह पेट्रोल पंप मोड़ से 43 मोड़ तक और रेलवे फाटक के पास सड़क को खुरदरा कर यूं ही छोड़ दिया गया। इससे सड़क की सतह बेहद असमान हो गई है। खासकर बाइक चालकों के लिए यह हिस्सा बेहद खतरनाक साबित हो रहा है, जहां संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बाइक सवार यहां फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।
लोगों में नाराजगी, जल्द कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि एनएचएआई ने मरम्मत कार्य अचानक बंद कर दिया, जिससे स्थिति और भी खराब हो गई है। जिन स्थानों पर सड़क को मजबूत करने के लिए खुरचा गया, वहां अब तक नई परत नहीं बिछाई गई है। इससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि अधूरे कार्य को जल्द पूरा किया जाए और सड़क को सुरक्षित व सुगम बनाया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
![]()

