डिजिटल माध्यम से होगी 16वीं जनगणना, बोकारो में तैयारियां पूरी
देश की 16वीं जनगणना इस बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी। यह स्वतंत्रता के बाद की 8वीं जनगणना होगी। उपायुक्त अजय नाथ झा ने समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि जनगणना राष्ट्रीय योजना निर्माण और समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जनगणना कार्य दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण में 01 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना तथा 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा। दूसरे चरण में 09 फरवरी से 28 फरवरी 2027 (संभावित) के बीच जनसंख्या गणना की जाएगी।
जिले में जनगणना के लिए कुल 12 चार्ज निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 09 ग्रामीण, 02 शहरी और 01 चास नगर निगम क्षेत्र शामिल है। पहली बार बोकारो स्टील सिटी टाउनशिप को अलग चार्ज ऑफिस का दर्जा मिला है, जिसकी स्वीकृति 28 अप्रैल 2026 को भारत सरकार के जनगणना निदेशालय से मिली।
जनगणना कार्य में प्रगणक विशेष मोबाइल एप के माध्यम से घर-घर जाकर डेटा एकत्र करेंगे, जबकि पूरी प्रक्रिया की निगरानी सीएमएमएस पोर्टल से की जाएगी। नागरिक भी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना कर सकेंगे और 33 निर्धारित प्रश्नों के उत्तर दर्ज कर पाएंगे।
उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जनगणना में दी गई सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय कार्यों के लिए होगा। साथ ही, साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा गया कि जनगणना के नाम पर किसी भी प्रकार की फोन कॉल, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी न दें।
जिले में जनगणना कार्य के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुल 3782 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स बनाए गए हैं तथा 678 सुपरवाइजर और 4039 प्रगणकों की तैनाती की गई है। प्रशिक्षण कार्य भी अंतिम चरण में है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सही और सटीक जानकारी दें, प्रगणकों का सहयोग करें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
![]()

