नाबालिग को बहला-फुसलाकर मुंबई ले गया युवक, गिरफ्तार
Bokaro:
चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से भगाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मुकेश महतो उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 26 अप्रैल को नवी मुंबई से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
जांच में पता चला कि आरोपी लड़की को अपने साथ मुंबई ले गया था। बरामदगी के बाद 30 अप्रैल को नाबालिग को उसके परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, 1 मई को आरोपी मुकेश महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। नाबालिग का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है और उसका बयान दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। साथ ही अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।
![]()

