चास में विवाद के बाद घर में घुसकर मारपीट का आरोप
Bokaro:
चास थाना क्षेत्र स्थित भोजपुर कॉलोनी निवासी कंचन देवी ने स्थानीय युवक पिंटू यादव पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया। चास थाना को लिखित शिकायत की। पीड़ित महिला ने बताया कि उनके पति भानु प्रताप सिंह सीआईएसएफ में कार्यरत हैं और फिलहाल बाहर पोस्टेड हैं। वह अपने दो बच्चों के साथ घर में अकेली रहती हैं।
महिला के अनुसार, कुछ दिन पहले उनका बेटा मैदान में बैठा हुआ था। इसी दौरान पिंटू यादव ने उसके साथ मारपीट की थी। आरोप है कि गुरुवार की शाम करीब 6:30 बजे पिंटू यादव कुछ लोगों के साथ उनके घर पहुंचा और महिला व उनकी बेटी के साथ मारपीट की। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
पीड़िता ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय वार्ड पार्षद ने कहा कि कानून को इस मामले में निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।

