5 हजार रुपये रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार, एसीबी की टीम ने रंगेहाथ दबोचा
Bokaro:
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) धनबाद की टीम ने बोकारो जिले के बालीडीह थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) याकूब अंसारी को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई मंगलवार को धनबाद एसीबी की धावादल टीम ने गुप्त शिकायत के सत्यापन के बाद नया मोड़ के आसपास की।
जानकारी अनुसार शिकायतकर्ता ने एसीबी मुख्यालय रांची में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि वर्ष 2009 में खरीदी गई जमीन से जुड़े मामले की जांच के नाम पर बालीडीह थाना में पदस्थापित एएसआई याकूब अंसारी द्वारा पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता रिश्वत देकर काम नहीं कराना चाहता था और आरोपी पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी धनबाद की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर धनबाद थाना कांड संख्या-04/2026, दिनांक 25 मई 2026 दर्ज किया गया। इसके बाद मंगलवार को जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी की टीम ने आरोपी एएसआई को बोकारो जिला अंतर्गत नया मोड़ स्थित एक फल दुकान के समीप से दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान दंडाधिकारी और स्वतंत्र गवाह भी मौजूद थे। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जाएगा।
![]()

