हवाई अड्डा क्षेत्र में बड़ा हादसा, आकाशीय बिजली ने ली युवक की जान
Bokaro:
बोकारो से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली ने एक हंसते-खेलते परिवार की दुनिया ही उजाड़ दी। सेक्टर-1 सी, क्वार्टर नंबर 1074 निवासी 18 वर्षीय आलोक कुमार की वज्रपात की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई।
यह हृदयविदारक हादसा उस समय हुआ जब आलोक अपनी मां के साथ हवाई अड्डा क्षेत्र के पास मौजूद था। अचानक मौसम ने करवट ली, आसमान में तेज गर्जना गूंजी और देखते ही देखते आसमानी बिजली सीधे आलोक पर टूट पड़ी। कुछ ही पलों में खुशियों से भरा वह घर मातम में बदल गया।
घटना के बाद परिजन बदहवास हालत में आलोक को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एयरपोर्ट जैसे खुले और संवेदनशील इलाके में इस तरह की घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
आलोक अपने परिवार का इकलौता सहारा था। उसके पिता, जो एडीएम बिल्डिंग में एक छोटी सी चाय दुकान चलाकर घर चलाते हैं, बेटे के असमय निधन से पूरी तरह टूट चुके हैं। मां की चीख-पुकार और पिता का विलाप सुनकर हर आंख नम हो रही है।

