निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की सीढ़ी में दरार, गुणवत्ता पर उठे सवाल
सेक्टर-12 में बन रहे मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को लेकर एक नई चर्चा सामने आई है। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन भवन की सीढ़ियों में दरार देखी गई है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। यह मेडिकल कॉलेज बीएसएल द्वारा उपलब्ध कराई गई लगभग 25 एकड़ जमीन पर 500 बेड की क्षमता के साथ तैयार किया जा रहा है।
दरार की खबर फैलते ही लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। उनका आरोप है कि निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री मानकों के अनुरूप नहीं है और ठेका कंपनी मनमानी तरीके से काम कर रही है। साथ ही, संबंधित विभाग के अधिकारियों की चुप्पी भी लोगों को खटक रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह लापरवाही बरती गई, तो भविष्य में यह इमारत मरीजों और मेडिकल छात्रों के लिए खतरा बन सकती है। उन्होंने सीढ़ी के हिस्से को दोबारा मजबूती से बनाने की मांग की है। फिलहाल, यह मुद्दा इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एक झामुमो नेता ने भी स्पष्ट कहा कि इस तरह की अनदेखी से न सिर्फ लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है, बल्कि सरकार की छवि पर भी असर पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया, तो मामले की जांच कराई जाएगी। जल्द ही झामुमो का एक प्रतिनिधिमंडल मेडिकल कॉलेज का मुआयना करने जाएगी।
![]()

