गोमिया डिग्री कॉलेज में कई विषयों की बंद पढ़ाई को पुनः शुरू कराने के लिए राज्यपाल से मिले पूर्व विधायक
Bokaro:
गोमिया डिग्री कॉलेज में विज्ञान, भूगोल, खोरठा एवं समाजशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई बंद होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है। विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे को लेकर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने महामहिम राज्यपाल सह कुलाधिपति से मुलाकात की। गोमिया के इस सरकारी डिग्री महाविद्यालय में बंद विषयों की पढ़ाई पुनः शुरू कराने की मांग की।
डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि गोमिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों का वर्षों पुराना सपना था कि क्षेत्र में एक सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना हो। 2023 में सरकारी डिग्री महाविद्यालय की स्थापना भी हुई। जिससे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को लेकर नई उम्मीद जगी। इस कॉलेज के अभाव में गरीब, किसान एवं ग्रामीण परिवेश के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन करना पड़ता था। कहा कि कॉलेज में विज्ञान, भूगोल, खोरठा एवं समाजशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई शुरू हुई, जिससे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे थे।
लेकिन हाल ही में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा इन विषयों की पढ़ाई बंद कर दी गई। जिसको लेकर छात्रों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी व्याप्त है। डॉ. लंबोदर महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के सपनों पर इस तरह कुठाराघात करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि इस गंभीर मामले को लेकर राज्यपाल सह कुलाधिपति महोदय से मुलाकात कर सभी बंद विषयों को पुनः शुरू कराने की मांग की। साथ ही मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा सचिव को भी पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया गया है।
पूर्व विधायक ने कहा कि एक ओर सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्र के एकमात्र सरकारी कॉलेज में विषयों की पढ़ाई बंद कर विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
![]()

