SP के आदेश पर बालीडीह थाना इंस्पेक्टर और एक सब इंस्पेक्टर लाइन हाजिर
Bokaro:
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बड़ी कार्रवाई की। रिश्वत मांगने और पद का दुरुपयोग के आरोप में बालीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह और सब इंस्पेक्टर भागू उरांव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। थाना प्रभारी पर लगे गंभीर आरोपों को देखते हुए एसपी ने यह कदम उठाया है।
एसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, बालीडीह थाना में नए प्रभारी की नियुक्ति होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर फिलहाल हेडक्वार्टर डीएसपी को थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
जमीन विवाद से जुड़ा है मामला, पहले भी हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी अनुसार पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। कुछ दिन पहले इसी प्रकरण में बालीडीह थाना के जमादार याकूब अंसारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। इस गिरफ्तारी के बाद ही मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं।
पीड़ित शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि भू-माफियाओं ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। न्याय की गुहार लेकर जब वह थाना पहुंचे, तो थाना प्रभारी ने कार्रवाई के बदले मोटी रिश्वत की मांग की। रिश्वत देने से इनकार करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और थाने से भगा दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

