BSL प्लांट में दो जहरीले सांपों का रेस्क्यू, CISF की तत्परता से टला खतरा
Bokaro:
बोकारो स्टील प्लांट (BSL) परिसर में शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर जहरीले सांप मिलने से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। हॉट रोलिंग कोइल फिनिशिंग (HRCF) सेक्शन में एक रसल वायपर देखा गया, जबकि BPSCL पावर प्लांट क्षेत्र में कोबरा सांप निकलने की सूचना मिली।
दोनों ही सांप बेहद विषैले माने जाते हैं, जिनके काटने से गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। सूचना मिलते ही CISF की क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक दोनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद वन विभाग को सौंपकर उन्हें जंगल में छोड़ दिया गया।
CISF अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में प्लांट एरिया में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने अपील की कि कोई भी व्यक्ति खुद से सांप पकड़ने या मारने की कोशिश न करे, बल्कि तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दे, ताकि प्रशिक्षित टीम समय पर पहुंचकर स्थिति को सुरक्षित ढंग से संभाल सके।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि सांप पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए उन्हें नुकसान पहुंचाने से बचना चाहिए।

